संचारी रोगों के बारे में जागरूक करने को रवाना हुआ प्रचार वाहन
सदर विधायक ने विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ किया
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ शुक्रवार को सीएमओ कार्यालय परिसर से हुआ। सदर विधायक अंकुर राज तिवारी ने प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान पहली जुलाई से शुरू होकर 31 जुलाई तक चलेगा।
सदर विधायक अंकुर राज तिवारी ने कहा कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ हुआ है। सभी विभागों के लोग इसमें पूरी मदद करें। यह सरकार की प्राथमिकता में है। सीएमओ डॉ. इंद्रविजय विश्वकर्मा ने कहा कि अभियान के जरिए संचारी रोगों तथा दिमागी बुखार पर काबू पाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम आम जनमानस को जागरूक करेंगे। 16 से 31 जुलाई तक दस्तक अभियान के जरिए आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संचारी रोगों से ग्रसित मरीजों को डोर-टू-डोर दस्तक देकर उन्हें चिह्नित करने के साथ-साथ इसके बचाव के प्रति जागरूक भी करेंगी। उन्होंने कहा कि अन्य विभागों के बीच आपसी समन्वय स्थापित कर अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने का प्रयास किया जाए। संचारी रोगों तथा दिमागी बुखार के मामलों की निगरानी, लक्षण युक्त व्यक्तियों की कोविड-19 जांच करवाना, क्षय रोगों के लक्षण युक्त व्यक्तियों की जांच एवं उपचार की व्यवस्था, रोगियों के निशुल्क परिवहन हेतु रोगी वाहन की व्यवस्था, प्रचार-प्रसार, लार्वारोधी गतिविधियों, मॉनीटरिंग, पर्यवेक्षण, रिपोर्टिंग, अभिलेखीकरण तथा विश्लेषण का कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य कार्यकर्ता सावधानी रखते हुए लोगों को मलेरिया, डेंगू एवं कोरोना से बचाव के बारे में बेहतर तरीके से जागरूक करेंगे। इस दौरान अपर सीएमओ डॉ. वीपी पांडेय, जिला क्षयरोग अधिकारी एसडी ओझा, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एस रहमान, जिला मलेरिया अधिकारी राम सिंह, जिला महामारी रोग विशेषज्ञ डॉ. मुबारक अली, डॉ. एके सिन्हा, बागीश तिवारी, विवेक कुमार सिंह, जयप्रकाश मिश्रा समेत अन्य मौजूद रहे।