धूप से बचने के लिए महुली में स्थित मां समय जी मंदिर पर लगे वट वृक्ष के नीचे आराम करते राहगीर ।
संतकबीरनगर। मौसम में एक बार फिर तल्खी देखी जा रही है। सुबह से ही चिलचिलाती धूप लोगों को बेहाल किए हुए है। दस बजे के बाद लोग घरों से निकलने से कतरा रहे हैं। बिजली की कटौती ने लोगों कई दुश्वारियां और बढ़ा दी हैं। रात के समय बिजली कटौती के कारण लोगों की नींद पूरी नहीं हो पा रही है।
रविवार को अधिकतम तापमान 39 और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस सेल्सियस रिकार्ड किया गया। सुबह से ही तेज धूप के कारण लोगों की परेशानी बढ़ गई है। रविवार को छुट्टी का दिन होने के चलते अधिकतर लोगों ने घर में रहना पसंद किया। जो लोग रोजमर्रा की जरूरतों के लिए घर से बाहर निकले, वह गर्मी से परेशान नजर आएं। लोग छांव की तलाश में भटकने को मजबूर हुए।
कुछ लोगों ने पेड़ की छांव तो कुछ ने ओवरब्रिज के नीचे ठहरकर तेज धूप से बचाने का प्रयास किया। गर्मी के चलते दुकानदारों को भी ग्राहकों का इंतजार करना पड़ रहा है। कारण यह है कि लोग दिन में घर से निकलने में कतरा रहे हैं। यह स्थिति तब है जबकि इस समय सहालग का समय है।
दूसरी तरफ बिजली की कटौती ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी है। शहर में जहां बार-बार बिजली की ट्रिपिंग हो रही है, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में रात्रिकालीन कटौती हो रही है। स्थिति यह है कि रात के समय 10 बजे के बाद बिजली गुल हो जा रही है और भोर में आ रही है।
इस वजह से लोगों की नींद पूरी नहीं हो पा रही है। कारण यह बताया जा रहा है कि रात के समय में लोड बढ़ जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ता ताहिर अली, धर्मेंद्र कुमार आदि ने बताया कि रात्रिकालीन कटौती होने से पंखा, कूलर बेकार हो जा रहे हैं। जिससे नींद में खलल पड़ रही है। लोगों ने रात्रिकालीन बिजली कटौती बंद करने की मांग की है।