- खलीलाबाद क्षेत्र के गरथवलिया गांव में धर्म परिवर्तन का मामला
- पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया था केस
- दो की हो चुकी है गिरफ्तारी, एक चल रहा है फरार
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने धर्मांतरण के एक आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके ठिकानों पर दबिश तेज कर दी है। पुलिस ने तीन आरोपियोें के खिलाफ केस दर्ज किया था और दो की गिरफ्तारी हो चुकी है। मामले में एक आरोपी अभी भी फरार चल रहा है।
गरथवलिया गांव में धर्म परिवर्तन की सूचना के बाद पुलिस की कई टीमों ने छापा मार कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर कोतवाली आई। बाद में स्थानीय स्तर पर तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने मामले में गरथवलिया गांव निवासी राममोहित, कमलेश एवं श्रवण निवासी गुलरिहा सिरमा सिसवा जनपद बस्ती के खिलाफ केस दर्ज किया था।
पुलिस ने मामले में राममोहित एवं श्रवण को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। वहीं तीसरा आरोपी कमलेश फरार चल रहा है। पुलिस टीमें सभी संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। इसके बाद भी अभी तक उसका सुराग नहीं लग सका है।
कोतवाल सतीश कुमार सिंह ने बताया कि धर्म परिवर्तन के मामले में पुलिस दो आरोपी को जेल भेज चुकी है। एक फरार आरोपी की धर पकड़ के लिए पुलिस टीम लगी हुई है। उसे जल्द ही गिरफ्तार करके जेल भेजा जाएगा।