- नवरात्र पर होने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस ने की तैयारी
- प्रमुख मार्गों पर लगाया जाएगा बैरियर
- बृहस्पतिवार दोपहर दो बजे से शनिवार रात तक वाहनों पर रहेगा प्रतिबंध
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। शहर में तीन दिन रूट डायवर्जन रहेगा। नवरात्र पर जुटने वाली भीड़ को लेकर पुलिस ने तैयारी पूरी कर ली हैं। बृहस्पतिवार दोपहर दो बजे से शनिवार रात तक शहर के प्रमुख मार्गों पर बैरियर लगाकर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया जाएगा, जिससे दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।
नवरात्र पर शहर के समय माता मंदिर पर श्रद्धालुओं की बड़े पैमाने पर भीड़ जुटती है। इसे लेकर शहर में तीन दिन तक प्रशासन ने रूट डायवर्जन का निर्णय लिया है, जिससे मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को कोई समस्या न हो। शहर के मेंहदावल बाईपास और धनघटा रोड के विधियानी से बैरियर लगाकर बड़े वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है। साथ ही समय माता मंदिर और कोतवाली के बीच में भी शाम के समय वाहनों का प्रवेश पर रोक लगा दिया गया है। इसके अलावा बैंक चौराहा, बरदहिया दुर्गा मंदिर पर भी आकस्मिक डायवर्जन के लिए बैरियर लगा दिया गया है। जिससे मंदिर पर भीड़ बढ़ता हुआ देखकर तत्काल वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाया जा सके।
यातायात प्रभारी परमहंस यादव ने बताया कि मंदिर पर आने वाले श्रद्धालुओं को देखते हुए मेंहदावल बाईपास, विधियानी एवं समय माता मंदिर स्थान पर ड्यूटी लगाई जा रही हैं। सभी स्थानों पर बैरियर लगा दिया गया है। सप्तमी, अष्टमी और नवमी तक मंदिर पर आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए अन्य स्थानों पर डायवर्जन का किया जाएगा। मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी भी तरह की कठिनाई का सामना न करना पड़े।