जिला अस्पताल में दवा काउंटरों पर जिला अस्पताल में लगी लाइन
संतकबीरनगर। जिला अस्पताल में इस समय मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। जहां अन्य दिनों में नौ सौ के करीब मरीज इलाज के लिए आते थे वहीं अब यह संख्या बढ़कर 1100 के करीब हो गई है।
सिर्फ दो दवा काउंटर होने के चलते मरीजों को घंटों लाइन में लगना पड़ रहा है तब उन्हें दवा मिली रही है। यही हाल पर्चा काउंटर का भी है। वहां भी लंबी लाइन देखी जा रही है। जिला अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन 1100 के करीब मरीज इलाज के लिए आ रहे है।
मरीजों को पर्ची काउंटर पर लाइन में लगकर पर्ची लेने के बाद चिकित्सक को दिखाना होता है। चिकित्सक के दवा लिखने के बाद मरीज घंटों लाइन में लगकर दवा लेते है। दवा के लिए दो ही काउंटर है। जिसमे एक पर महिलाओं की भीड़ और दूसरी पर पुरुषों की भीड़ होती है।
सोमवार को इलाज कराने आए बंजरिया निवासी लक्ष्मण, नेदुला निवासी संगीता आदि ने बताया कि आधे घंटे से लाइन में लगे हैं। दवा काउंटर पर बड़ी धीमी गति से दवा दी जा रही है। अस्पताल में दवा के लिए और भी काउंटर होना चाहिए। पहले पर्ची के लिए लाइन, फिर डॉक्टर को दिखाने के लिए लाइन और अब दवा लेने के लिए लाइन लगानी पड़ रही है।