ट्रक की चपेट से बुजुर्ग की मौत
लोहरौली। बीएमसिटी मार्ग पर खटियावा गांव के पास सोमवार को ट्रक की चपेट में आने से वृद्ध की मौत हो गई। घटना के बाद आस-पास के लोग जुट गए, लेकिन तब तक चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दुधारा क्षेत्र के खटियावा निवासी 80 वर्षीय शिव प्रसाद यादव पुत्र लल्लू यादव सोमवार को दोपहर में किसी काम से पैदल ही लौहरौली जा रहे थे। खटियावां गांव से 100 कदम दूर पहुंचे थे। उसी दौरान बस्ती की तरफ से मेंहदावल की ओर जा रहे अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। इससे मौके पर ही वृद्ध की मौत हो गई। घटना के बाद आस-पास मौजूद लोग पहुंच गए। एसआई शशिकांत तिवारी ने बताया कि चालक तो भाग निकला, लेकिन ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पीड़ित परिजनों की तरफ से तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद