- व्यवस्था चुस्त-दुरूस्त रखने के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2024 को स्वतन्त्र, निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण व सकुशल ढंग से संपन्न कराने के मद्देनजर भारत निर्वाचन आयोग से नामित सामान्य प्रेक्षक जनक प्रसाद पाठक (आईएएस), एवं डीएम महेंद्र सिंह तवंर ने एसपी सत्यजीत गुप्ता के साथ शुक्रवार को हीरालाल राम निवास स्नातकोत्तर महाविद्यालय में पहुंच कर बनाए गए स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया।
प्रेक्षक ने व्यवस्था चुस्त दुरूस्त रखने के निर्देश दिए। प्रेक्षक ने स्ट्रांग रूम स्थल पर विद्युत आपूर्ति बनाए रखने तथा साफ-सफाई एवं शौचालय आदि को सुव्यवस्थित रखने का निर्देश संबंधित अधिकारी को दिया। उन्होंने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा एवं चाक चौबंद व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरा, वैरीकेटिंग व्यवस्था, पेयजल व्यवस्था को सुनिश्चित बनाए रखने के निर्देश के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसमें किसी प्रकार की उदासीनता न बरती जाए। इस दौरान एडीएम जय प्रकाश, अधिशासी अभियंता लोनिवि आरके पांडेय, तहसीलदार सदर जनार्दन, सहायक अभियंता लोनिवि विमल कुमार, सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।