संतकबीरनगर। धनघटा थाना क्षेत्र के जखौता स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में मिले युवक के शव का रहस्य अभी बरकरार है। घटना के बाद परिजन ने हत्या की आशंका जताते हुए आरोप लगाया था। पुलिस ने शव की जेब से कीटनाशक बरामद किया है। अब पुलिस मृतक के मोबाइल के माध्यम से इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, हनुमंत 21 वर्ष का पेड़ से लटकता हुआ शव जखौता स्थित प्राथमिक विद्यालय में मिला था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को लेकर घर पहुंचे और रात में अंतिम संस्कार कर दिया।
घटना के बाद मृतक के परिजन ने हत्या की आशंका जताई थी। उनका कहना था कि युवक की मौत सामान्य परिस्थितियों में नहीं हुई है। हालांकि इस संबंध में अभी तक पुलिस को कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर आरोपों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जाएगी। मृतक की जेब से मोबाइल फोन मिलने के बाद पुलिस अब उसके डाटा की जांच कर रही है। घटना से पहले युवक ने किन लोगों से बातचीत की, किससे संपर्क में था और आखिरी बार किससे बात हुई, इन बिंदुओं पर पुलिस की नजर है। मोबाइल में मिले डाटा और कॉल डिटेल से घटना से पहले की गतिविधियों की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।