किशोरी की मौत के नौ दिन बाद पुलिस ने दर्ज किया केस
बखिरा। किशोरी की मौत के नौ दिन बाद एसपी के निर्देश पर बखिरा पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ बहला फुसला कर अगवा कर ले जाने और आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर लिया। पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है।
बखिरा क्षेत्र के रहने वाले पीड़ित पिता का कहना है कि उनकी 15 वर्षीय बेटी 15 दिसंबर को कोचिंग पढ़ने गई थी। आरोप है कि गांव का युवक उसकी बेटी को बहला-फुसला कर अगवा कर लिया। देर शाम तक बेटी घर नहीं लौटी तो उसकी तलाश शुरू की गई, लेकिन कुछ पता नहीं चला। आरोप है कि आरोपी युवक बेटी को सहजनवां क्षेत्र के राप्ती नदी के सिसई घाट पुल पर ले गया। वहां कुछ ऐसा कृत्य किया, जिसकी वजह से बेटी नदी में कूद गई और उसकी मौत हो गई। तीन दिन बाद एनडीआरएफ की टीम ने काफी प्रयास करके बेटी के शव को ढूंढ निकाला। तभी से वह बखिरा और सहजनवा थाने का चक्कर काट रहा था, लेकिन कहीं भी उसे न्याय नहीं मिल पा रहा था। पीड़ित पिता ने जनपद मुख्यालय पर आयोजित समाधान दिवस में एसपी व डीएम से न्याय की गुहार लगाई। एसपी डॉक्टर कौस्तुभ ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए तत्काल बखिरा एसओ को कार्रवाई का निर्देश दिया था। एसओ विजय नारायन प्रसाद ने बताया कि आरोपी युवक के खिलाफ बहला-फुसलाकर भगा ले जाने और आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का केस दर्ज किया गया। विवेचना से जो तथ्य सामने आएगा, आगे वैसी कार्रवाई की जाएगी।