मदरसे में छात्रा से दुष्कर्म करने का आरोपी मौलवी गिरफ्तार
- मदरसे के घटना वाले कमरे को पुलिस ने कराया सील
- पकड़े गए आरोपी मौलवी से पुलिस कर रही पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो
मेंहदावल/संतकबीरनगर। क्षेत्र के मदरसे में सात वर्षीय छात्रा से दुष्कर्म करने वाले आरोपी मौलवी को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी से पुलिस पूछताछ कर रही थी। जबकि पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है।
मेंहदावल क्षेत्र में संचालित एक मदरसे में सात वर्षीय बालिका अपने दो भाइयों के साथ सोमवार को पढ़ने गई थी। छुट्टी होने पर मदरसे में पढ़ाने वाले मौलवी ने भाई-बहनों को रोक लिया। दोनों भाइयों को कलम लाने के लिए निकट के चौराहे पर भेज दिया। आरोप है कि उसी दौरान मौलवी सात वर्षीय छात्रा को कमरे में ले गया और दुष्कर्म किया। मौलवी ने कुछ रुपये देकर बालिका को चुप रहने की बात कही थी। बालिका ने घर पहुंच कर अपनी मां को घटना की जानकारी दी। इस मामले में पीड़िता की मां ने सिद्वार्थनगर जिले के खेसरहा क्षेत्र के रहने वाले आरोपी मौलवी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉस्को एक्ट के तहत केस दर्ज कराया था। सीओ अंबरीश भदौरिया ने बताया कि सात वर्षीय बालिका के साथ हुई घटना दुखद है। घटना स्थल का निरीक्षण करने के साथ ही उस कमरे को सील करा दिया गया है, जहां घटना कारित की गई थी। जबकि एसपी डॉक्टर कौस्तुभ ने बताया कि आरोपी मौलवी मुुस्ताक की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें लगाई थी। मंगलवार को पुलिस टीम ने आरोपी मौलवी को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए मौलवी से पुलिस पूछताछ कर रही है। जब कि पीड़ित छात्रा को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है।