कई ग्राम पंचायतों में फर्जी तरीके से भुगतान का आरोप, जांच के लिए कमेटी का गठन
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। विकास खंड सेमरियावा के पूर्व एडीओ पंचायत पर प्रशासक नियुक्त रहने के दौरान कई ग्राम पंचायत में फर्जी तरीके से भुगतान किए जाने का आरोप लगा है। सेमरियावा निवासी सलीम उमर ने डीएम और सीडीओ से शिकायत की है। डीएम ने प्रकरण की जांच के लिए बृहस्पतिवार को तीन सदस्यीय कमेटी गठित की। टीम को 15 दिन के भीतर जांच कर रिपोर्ट दिए जाने का निर्देश दिया है।
डीएम दिव्या मित्तल ने बताया कि सेमरियावां निवासी सलीम उमर ने शिकायती पत्र दिया है। जिसमें आरोप लगाया है कि विकास खंड सेमरियावां के ग्राम पंचायतों में नियुक्त प्रशासक/ सहायक विकास अधिकारी पंचायत शशि भूषण पांडेय के जरिए एक जनवरी 2021 से 31 मई 2021 तक बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितता की गई है। राज्य वित्त एवं 15 वां वित्त से बिना टेंडर निकाले तथा शासनादेश के विपरीत तमाम गांव में हैंडपंप मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, नाली, इंटरलाकिंग, स्कूल मरम्मत के नाम पर फर्जी भुगतान ग्राम पंचायत सचिव और नियुक्त प्रशासक एडीओ पंचायत के जरिए किए जाने का आरोप लगाया है।
ग्राम पंचायत दुधारा, बत्सी बत्सा, बिगरामीर, करही, सालेहपुर, अहिरौली द्वितीय, साफियाबाद, सेमरियावां, उसरा शहीद, बूढ़ाननगर, पिपरा बोरिंग, चंगेरा- मंगेरा आदि गांवों में कराए गए विकास कार्यों में अनियमितता की शिकायत की है। इस प्रकरण की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित की गई है। जांच कमेटी में अधिशाषी अभियंता नलकूप खंड लालचंद्र, सहायक अभियंता ड्रेनेज खंड दो सतीश चंद्र और जिला भूमि संक्षरण अधिकारी को शामिल किया गया है। जांच टीम को 15 दिन के भीतर जांच कर रिपोर्ट दिए जाने का निर्देश दिया गया है।