आधुनिक सुविधाओं से लैस हो रहा खलीलाबाद रेलवे स्टेशन
यात्रियों के आने-जाने के लिए दो लिफ्ट बनकर तैयार
दो प्लेटफॉर्म पर वाटर वेंडिंग मशीन लगी
सीसीटीवी कैमरे से लैस हुआ स्टेशन परिसर
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। खलीलाबाद रेलवे स्टेशन को आदर्श बनाने की मुहिम अब रंग लाती दिख रही है। स्टेशन की तस्वीर बदली-बदली नजर आ रही है। यात्रियों को ओवरब्रिज से होकर आने-जाने के लिए जहां दो लिफ्ट बनकर तैयार है, वहीं, सुरक्षा के लिए इंतजाम किए जा रहे हैं। दोनों प्लेटफॉर्म पर वाटर वेंडिंग मशीन लगा दी गई है और पूरे परिसर को सीसीटीवी कैमरे से लैस किया गया है। डिजिटल टिकट के लिए एलईडी स्क्रीन लगा दी गई है। अब इंतजार है इसके उद्घाटन का। ऐसे में उम्मीद की जा रही है जल्द ही इन सुविधाओं का लाभ यात्रियों को मिलने लगेगी।
खलीलाबाद रेलवे स्टेशन को आदर्श रेलवे स्टेशन बनाने के लिए 2017 में प्रस्ताव तैयार कराया गया था। हादसे को रोकने के लिए ओवरब्रिज के दोनों तरफ लोहे की जाली लगाई गई है। सुरक्षा की दृष्टिकोण से 12 से अधिक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरा लगा दिया गया है। हर तरफ लाइटें भी लगाई गई हैं। कूड़ा डालने के लिए हर जगह डस्टबिन उपलब्ध कराया गया है।
इंसेट-
ओवरब्रिज पर जाने के लिए दो लिफ्ट
खलीलाबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म एक और दो पर यात्रियों की सुविधा के लिए दो लिफ्ट बनकर तैैयार हो गई है। इससे यात्रियों को एक से दूसरे प्लेटफॉर्म पर आने-जाने में सुविधा होगी। जो लोग उत्तरी क्षेत्र से शहर में जाना चाहते हैं, उन्हें इससे फायदा होगा।
इंसेट-
चार स्थानों से ले सकेंगे डिजिटल टिकट
खलीलाबाद रेलवे स्टेशन पर टिकट की लाइन से यात्रियों को बचाने के लिए टिकट खिड़की पर ही डिजिटल टिकट के लिए चार स्थानों पर स्क्रीन लगाई गई है। जहां पर लोग टिकट प्राप्त करने से लेकर ट्रेनों में आरक्षण की स्टेटस भी चेक कर सकते हैं।
समस्याएं भी कम नहीं
खलीलाबाद रेलवे स्टेशन के प्रवेश द्वार लगी स्क्रीन खराब है। इससे ट्रेनों के आने-जाने के बारे में जानकारी केवल एनाउंस पर ही मिल पा रही है। पूर्व में लगी वाटर वेंडिंग मशीन कोविड के समय में बंद कर दी गई, जिसे अभी तक चालू नहीं किया गया है। कई स्थानों पर यात्रियों के बैठने के लिए लगाए गए बेंच के ऊपर छाजन नहीं है। इससे बारिश व धूप में यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। माल गोदाम के पास जलभराव बना हुआ है।
कोट
खलीलाबाद रेलवे स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने का प्रयास किया जा रहा है। लिफ्ट तैयार हो गई है। जल्द ही इलेक्ट्रॉनिक्स सीढ़ी पर भी काम शुरू होगा। वाटर वेंडिंग मशीन के साथ ही टिकट वेंडिंग मशीन भी लगाई गई है। इन सभी सुविधाओं का लाभ जल्द ही यात्रियों को मिलेगा।
- एके गौड़, स्टेशन अधीक्षक खलीलाबाद