संतकबीरनगर। रिजर्व पुलिस लाइंस सभागार में रविवार को एएसपी सुशील कुमार सिंह ने जनपद के सभी 41 शाखा प्रभारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने यूपी 112 प्रभारी को रिस्पांस टाइम में सुधार करते हुए समय-समय पर कर्मियों की जांच करने के लिए आदेशित किया।
बैठक के दौरान एएसपी ने सभी जिम्मेदारों से कहा कि यदि कोई कर्मी अपने कर्तव्यों के निर्वहन में कोई लापरवाही करता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करें। कार्यालय आंकिक शाखा को टीए व डीए प्रकरणों को समय से निस्तारित करने के निर्देश दिए। सीसीटीएनएस कार्यालय को थानों के डाटा को नियमित सिंक करने, पंजीकृत एफआईआर व गिरफ्तारी तथा नफीस की फिडिंग का डाटा मैच करने, पंजीकृत एफआईआर के घटना स्थल का अक्षांश व देशांतर पोर्टल पर बिना किसी देरी के फीड करने, बीट प्रहरी एप द्वारा एचएस व शस्त्र लाइसेंसी धारकों की सूचना को अपडेट करने के आदेश दिए।
मानिटरिंग सेल को ई साक्ष्य एप पर फीडिंग कराने, समन सेल को ई-समन की प्रकिया तत्काल क्रियान्वित करने के साथ मीडिया सेल पर कड़ी निगरानी रखने के लिए बताया। कार्यालय वाचक को महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई करने व पुलिस कर्मियों को दृश्यता, गतिशीलता, सजगता एवं सतर्कता बनाए रखने के लिए विशेष जोर देने के साथ शहर व ग्रामीण इलाकों में पैदल गश्त, साक्ष्य के आधार पर लंबित विवेचनाओं का निस्तारण एवं अभियुक्तों के प्रति वैधानिक कार्रवाई, गोवध निवारण अधिनियम, गुंडा व गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई करने के निर्देश दिए। गोष्ठी के दौरान सीओ धनघटा प्रियम राजशेखर पांडेय, आरआई रामबली यादवप्रभारी निरीक्षक डायल 112 राहुल यादव आदि मौजूद रहे।