चोरहा-करमाखान- डड़वामाली मार्ग बदहाल, जगह जगह बना गड्ढा-
सेमरियावां। ब्लाॅक के चोरहा गांव के पास बीएमसीटी मार्ग को जोड़ने वाला चोरहा-करमाखान-डड़वामाली मार्ग बदहाल है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे बने हुए हैं। सड़क बदहाली से राहगीर परेशान हैं। विभागीय अधिकारियों और जन प्रतिनिधियों से गुहार के बाद भी कोई सुनवाई नही हो सकी है। सड़क जल्द निर्माण न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
यह मार्ग लगभग चार किलोमीटर लंबा है। यह मार्ग चोरहा गांव के पास बीएमसीटी मार्ग को जोड़ता है। जिससे लोग सेमरियावां ब्लाॅक, दुधारा थाना और जजाला मुख्यालय जाते हैं। मार्ग का चार साल पहले मरम्मत कार्य कराया गया। सड़क की गुणवत्ता ठीक न होने से कुछ माह में ही सड़क टूट गई। ककरहवा पुरवा के पास 500 मीटर सड़क पर पैदल चलना मुश्किल हो गया है। करमाखान के पास 300 मीटर तक सड़क में काफी गड्ढा हो गया है। क्षेत्र के राजकुमार प्रजापति, बालकेश, संतोष कुमार प्रजपति, राजकुमार, बबलू, इरशाद हाफिज, रामरतन आदि ने बताया कि इस मार्ग से करमाखान, डड़वामाली, कानपारा, रक्शाकला, मुजहनी मुजहना आदि गांवों के राहगीर का आना जाना रहता है। इसी मार्ग से लोग सेमरियावां बाजार, ब्लाॅक व जिला मुख्यालय भी जाते है। पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन आरके पांडेय ने बताया कि मामले की जानकारी कराई जाएगी।