संवाद न्यूज एजेंसी
सेमरियावां। एसडीएम सदर के नेतृत्व में गठित टीम ने बुधवार को सेमरियावां क्षेत्र के बाघनगर, सेमरियावां, दुधारा में स्थित डायग्नोस्टिक केंद्रों का निरीक्षण किया। दो केंद्रों पर कमी मिलने पर नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया।
एसडीएम राज नरायण त्रिपाठी के नेतृत्व में अपर सीएमओ डॉक्टर मोहन झा, सेमरियावां सीएचसी अधीक्षक डॉक्टर जगदीश पटेल व डॉक्टर जावेद अहमद अंसारी की टीम ने सेमरियावां ब्लॉक के सामने स्थित लाइफ लाइन डायग्नोस्टिक सेंटर और फिर सेमरियावां डायग्नोस्टिक सेंटर की जांच की। दोनो केंद्रों पर मरीजों के पंजीकरण फार्मेट में कमी पाई गई। रजिस्ट्रेशन फार्मेट में नौ बिंदु की बजाय सात बिंदु ही दर्ज मिला। दोनों को नोटिस जारी किया गया। इसके बाद सेमरिमावां में ही नायला डायग्नोस्टिक सेंटर का निरीक्षण किया गया। टीम ने मरीजों के पंजीकरण रजिस्टर पर सारांश रिपोर्ट विवरण दर्ज करने की नसीहत दी। दुधारा और बाघनगर में एक-एक डायग्नोस्टिक सेंटर बंद मिला। एसीएमओ डा मोहन झा ने बताया कि सेंटर रजिस्ट्रेशन, डॉक्टर नाम, उपलब्ध सुविधाएं, अनियमितता की जांच की गई है। बिना डॉक्टर के पर्चा के मरीजों का अल्ट्रासाउंड न करने की हिदायत की गई है। एसडीएम राज नरायण त्रिपाठी ने बताया कि जांच रिपोर्ट डीएम को सौंप दी जाएगी। चार अक्तूबर से 21 अक्तूबर तक अभियान चलेगा। बिना रजिस्ट्रेशन व फर्जी सेंटर पाए जाने पर सील किया जाएगा।