मूसलाधार बारिश से शहर में जलभराव, घुटनों तक लगा पानी
- जगह-जगह पानी भरने से लोगों को घरों से निकलना हुआ दूभर
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। सोमवार की रात से हो रही बारिश से शहर में हर तरफ से जलभराव हो गया है। नगर पालिका परिषद खलीलाबाद कस्बे के विभिन्न मोहल्लों में जलभराव होने से तालाब जैसा नजारा देखने को मिल रहा है। नालियां चोंक होने से और दिक्कतें बढ़ गई है। कई मोहल्लों में बारिश का पानी घरों की दहलीज तक पहुंच गया है। सरकारी कार्यालयों के परिसर भी पानी से भरें हैं।
मंगलवार सुबह तेज बारिश हुई, जो करीब तीन बजे तक जारी रही। लगातार बारिश होने से ऑफिस जाने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शहर के बैंक चौराहा, डाक बंगला, गोलाबाजार, आजाद चौक से मेंहदावल बाईपास, बरदिहया बाजार, विधियानी रोड आदि क्षेत्रों में भारी जलभराव हो गया। मुखलिसपुर रोड से बैंक चौराह, आजाद चौक से मेंहदावल बाईपास तक सड़क पर तालाब जैसा दृश्य दिखा। जिससे होकर आने-जाने में लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही जिला अस्पताल परिसर, सीएमओ कार्यालय परिसर, बीएसए कार्यालय, डीआईओएस कार्यालय, जूनियर हाईस्कूल परिसर आदि क्षेत्रों में भी भारी जलभराव हो गया है। अंसार टोला से मीट मंडी होकर बंजरिया जाने वाले मार्ग पर जलभराव के कारण लोगों के घरों में पानी घुसने की स्थिति उत्पन्न हो गई। ऐसी ही स्थिति विधियानी, मड़या, तितौवा में भी है। लोगों का घरों से निकला मुश्किल हो गया है। बारिश के कारण जर्जर हो चुकी सड़क व गड्ढे का पता नहीं चल पा रहा है।
नगर पालिका के जलनिकासी की खुली पोल
बारिश ने नगर पालिका परिषद के जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। नालियां ओवरफ्लो होने से सड़क पर घुटनों तक पानी भर गया है। शहर निवासी दीनदयाल वर्मा, राधेश्याम, दिलीप कुमार आदि ने कहा कि बारिश में जलभराव की समस्या गंभीर होती जा रही है। नालियां जाम होने से समस्या और गंभीर हो गई है।
निचले इलाकों में भरा पानी, फसल डूबी
लगातार हुई बारिश के कारण नदी और नाले उफना गए हैं। ऐसे में नदी व नालों के किनारे निचले इलाके में धान की फसल पानी में डूब गई है। अभी आगे भी बारिश की संभावना बनी हुई है। ऐसे में फसल के बर्बाद होने की आशंका बनी हुई है। किसान राम करन, रामफल आदि ने कहा कि यदि पानी नहीं निकला तो फसल बर्बाद हो जाएगी।
जलनिकासी के लिए हो रहे प्रयास
नगर पालिका परिषद के ईओ सुरेेश मौर्य ने कहा कि भारी बारिश के कारण जलभराव हुआ है। जलनिकासी के लिए कर्मचारियों को लगाया गया है। इसके साथ ही जल्द ही जलनिकासी की मुकम्मल व्यवस्था कराई जाएगी।