कोरोना पीड़ित मिलने के बाद सक्रिय हुआ स्वास्थ्य महकमा
संतकबीरनगर। जनपद में मंगलवार को कोरोना का मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य महकमा सक्रिय हो गया है। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम मरीज के गांव पहुंची और उसके संपर्क में आए लोगों की जांच के लिए नमूने लिए। इसके साथ ही सर्वे कराया गया। दूसरी तरफ कोरोनारोधी टीकाकरण में तेजी लाने और 15 से 18 वर्ष आयु के किशोर-किशोरियों को वैक्सीन डोज देने के लिए विद्यालयों में कैंप भी लगाए गए।
खलीलाबाद विकास खंड के एक गांव निवासी व्यक्ति की मंगलवार को कोरोना पाजिटिव रिपोर्ट आई थी। डॉ. मुबारक अली के नेतृत्व में चिकित्सक पूरी टीम के साथ मरीज के गांव पहुंचे और उसका हाल जानने के बाद संपर्क में आए लोगों की जांच की। इस दौरान एएनएम, आशा संगिनी और आशा कार्यकर्ता के जरिए आस-पास सर्वे कराया गया।
दूसरी तरफ 15 से 18 वर्ष आयु के किशोर और किशोरियों के कोरोना टीकाकरण का लक्ष्य पूरा करने के लिए मौलाना आजाद इंटर कॉलेज सहित विभिन्न विद्यालयों में कैंप लगाया गया। बड़ी संख्या में किशोरों ने आकर टीका लगवाया। सीएमओ डॉ. इंद्र विजय विश्वकर्मा ने कहा कि कोविड संक्रमण की रोकथाम के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई है। उन्होंने लोगों से अपील की कि घर से निकलें तो मास्क जरूर लगाएं और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। डीएम दिव्या मित्तल ने लोगों से अपील की कि ओमिक्रॉन से बचाव के लिए लोग सतर्क रहें। मास्क जरूर लगाएं और सामाजिक दूरी का पालन करें।