पौली/लोहरौली। जनपद में दो अलग अलग स्थानों पर बाइक सवार युवकों की मार्ग दुर्घटनाओं में मौत हो गई। बेलहरकला थानाक्षेत्र में एक युवक की पल्सर बाइक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इसके चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं धनघटा थानाक्षेत्र के परसा गांव के पास एक युवक की बाइक पिलर से टकरा गई। जिसके चलते उसकी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शनिवार की सुबह बूढ़ी बेलहर निवासी 22 वर्षीय अमित कुमार पुत्र राजेश सुबह बाइक लेकर किसी काम से जा रहा था। अभी वह बूढ़ी बेलहर तिराहे पर ही पहुंचा था कि एक अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। वह हेलमेट नहीं पहना था, इससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। गांव के लोगों ने उसे सीएचसी बेलहर पहुंचाया। वहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वह एआरसी पीजी कॉलेज मूड़ाडीहा बेग से पढ़ाई पूरी कर चुका था और गोरखपुर में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था। वह अपने तीन भाइयों में सबसे बड़ा था । पिता राजेश मुंबई में रहकर मजदूरी करते हैं। घटना की सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
-
अनियंत्रित बाइक पोल से टकराई
रोसया बाजार। धनघटा थानाक्षेत्र के बछईपुर गांव के निवासी एक युवक की बाइक सड़क के किनारे स्थित पिलर से टकरा गई। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। बछईपुर गांव निवासी सबरेआलम पुत्र नबी मोहम्मद (23 वर्ष) अपने निजी काम से बाजार शुक्रवार की शाम बाजार जा रहा था। इस दौरान कुड़वा-परसा मार्ग पर परसा गांव के पास अचानक उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क के बगल में स्थित एक पिलर से टकरा गई। नतीजा यह हुआ कि घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। हेलमेट उसके सर में ही पड़ा रह गया। आशंका जताई जाती है कि सीने पर पोल की चोट लगने से उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही उसके परिवार के लोग अवाक हो गए और परिवार में मातम छा गया। युवक अपने चार भाइयों में सबसे छोटा था। संवाद