संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के कौवाटार निवासी हनुमान चतुर्वेदी की हत्या मामले में पुलिस सिर्फ एक आरोपी को दबोच पाई है। बाकी घर छोड़कर भागे हुए हैं। इन अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें दबिश दे रही हैं। अपराधी लगातार अपनी लोकेशन चेंज कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी अदालत में आत्मसमर्पण करने की फिराक में भी हैं, इसलिए पुलिस टीम न्यायालय क्षेत्र में भी निगरानी कर रही है। वहीं इन आरोपियों का राइस मिल के संचालक की ओर से प्रश्रय दिए जाने की चर्चा क्षेत्र में है।
हनुमान चतुर्वेदी के एक हत्यारोपी को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस की टीम अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी पर अपना ध्यान केंद्रित किया है। इसके लिए पुलिस की दो टीमें सर्विलांस टीम की मदद से मिले लोकेशन के आधार पर दबिश दे रही हैं। चर्चा पर गौर करें तो जिस राइस मिल के पास हनुमान का शव मिला था, उसका संचालक हत्यारोपियों को संरक्षण दे रहा है। राइस मिल भी घटना के बाद से बंद है। हत्यारोपियों के जानने वालों से पुलिस पूछताछ कर रही है। उनसे मिले इनपुट के आधार पर पुलिस आगे कदम बढ़ा रही है। जैसे ही पुलिस उनके लोकेशन तक पहुंच रही है, आरोपी वहां से पहले ही चंपत हो जा रहे हैं। इससे अभी तक पुलिस का हाथ खाली है। वहीं, पुलिस जल्द से जल्द घटना में संलिप्त अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी कर दावा कर रही है।