कार की चपेट से बालिका की मौत
ग्रामीणों ने कार समेत चालक को पकड़ कर पुलिस को सौंपा
संवाद न्यूज एजेंसी
सेमरियावां। बीएमसीटी मार्ग पर स्थित उसराशहीद चौराहे पर शनिवार को तेज रफ्तार कार की टक्कर से सात वर्षीय बालिका घायल हो गई। गंभीर रूप से घायल बालिका को परिजन बस्ती अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने ड्राइवर और कार को कब्जे में लेकर को सौंप दिया।
क्षेत्र के उसराशहीद गांव निवासी नसीर अहमद का गांव के चौराहे के पास घर है। उनकी सात वर्षीय बेटी सायमा खातून किसी काम से गांव के चौराहे पर गई थी। चौराहे से घर लौट रही थी। उसी दौरान बस्ती की तरफ से गुजरी तेज रफ्तार कार ने उसने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बालिका घायल हो गई। घटना के बाद जुटे आसपास के लोगों ने परिजनों को सूचना दी। परिजन इलाज के लिए घायल को बस्ती जिला चिकित्सालय ले गए, जहां इलाज के दौरान बालिका की मौत हो गई। बताया जा रहा कि मासूम को सिर में काफी गंभीर चोटें आईं थीं। इस संबंध में प्रभारी एसओ विनोद कुमार यादव ने बताया कि सूचना पाकर घटनास्थल पर गए। ग्रामीणों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया गया। बताया कि बस्ती जनपद के रुधौली क्षेत्र का रहने वाला ड्राइवर कार से दुधारा क्षेत्र के दरियाबाद गांव में अपने रिश्तेदार के वहां जा रहा था। कार में तीन महिलाएं भी सवार थीं। महिलाओं ने बताया कि दरियाबाद रिश्तेदार के यहां अगले हफ्ते शादी है। ड्राइवर और कार को कब्जे में ले लिया गया है। पीड़ित परिजनों की ओर से अभी तक तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वैसे दोनों पक्षों में सुलह-समझौता की बात चल रही है।
परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल
सेमरियावां। दुधारा थाना के उसराशहीद गांव के मृतक मासूम सायमा खातून के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। गांव वाले और जुटे रिश्तेदार परिजनों को ढांढस बंधा रहे थे। मासूम सायमा की मौत से मां अरबुन्निशा और पिता नसीर अहमद बेसुध थे। बताया कि छह भाई, तीन बहनों में सबसे छोटी सायमा खातून थी। परिजन गमगीन थे। माता अरबुन्निशा ने बताया कि अगर पता होता तो बिटिया को घर से नहीं जाने देती। संवाद