संतकबीरनगर। खलीलाबाद शहर के पुरानी तहसील गेट के सामने से अष्टधातु की मूर्ति चोरी करने वालों पर पुलिस ने गैंगस्टर की कार्रवाई की है। वर्ष 2024 में जैन चैत्रालय से मूर्ति चोरी हुआ था।
पुलिस ने मामले में चार्ट तैयार करके अनुमोदन के लिए डीएम को भेजा था। 30 जुलाई को डीएम के अनुमोदित करने के बाद पुलिस ने आरोपियों पर केस दर्ज किया है।
कोतवाल पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि पुलिस टीम के साथ वह क्षेत्र भ्रमण पर थे। इसी दौरान अजय वर्मा निवासी नेदुला चौराहा, आशुतोष जैन उर्फ तारण निवासी बंजरिया पूर्वी, हर्षित गुप्ता निवासी विधियानी के गैंग की जानकारी हुई। गैंग का सरगना तथा उसके गुर्गे अंतरजनपदीय स्तर पर सक्रिय और अभ्यस्त अपराधी हैं। गैंग ने 19 नवंबर 2024 को बाराबंकी कोठी स्थित जैन चैत्रालय के मंदिर से अष्टधातु की मूर्ति व अन्य सामान चोरी किया था। अरुण कुमार जैन की सूचना पर मामले में कोतवाली खलीलाबाद में केस दर्ज हुआ था।
विवेचना के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर मूर्ति व अन्य सामान बरामद हुआ था। मामले में आरोप पत्र न्यायालय में भेजा जा चुका है।
आरोपी अनुचित तरीके से अपने निजी स्वार्थ की पूर्ति के लिए आपराधिक घटना को अंजाम देते हैं। उनका यह कृत्य समाज विरोधी है। जिसके वजह से आरोपियों का समाज में स्वतंत्र एवं स्वच्छंद रहना जनहित में उचित नही है। इसके वजह से गैंगचार्ट तैयार करके डीएम को अनुमोदन के लिए भेजा गया था। 30 जुलाई को डीएम से अनुमोदन मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश गिरोहबंद समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत केस पंजीकृत किया गया है।