गागरगाड़ - भोतहा मार्ग जिसके मरम्मत की हो रही मांग
संवाद न्यूज एजेंसी रोसया बाजार। पौली क्षेत्र के गागरगाड़ से भोतहा को जाने वाली सड़क जर्जर होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दर्जनों गांवों को जोड़ने वाले इस मार्ग से रोजाना सैकड़ों लोग आवागमन करते हैं। सड़क जर्जर होने से हादसे की आशंका बनी हुई है।
गागरगाड़-भोतहा मार्ग पर चलना राहगीरों के लिए भारी पड़ने लगा है। सड़कों पर गिर कर अक्सर लोग घायल हो रहे हैं। इसके चलते जनता में आक्रोश व्याप्त है। गागरगाड़ मार्ग से दर्जनों गांवों को जोड़ने वाली जर्जर सड़क राहगीरों के लिए मुसीबत बनी हुई है। विकास खंड पौली क्षेत्र इस मार्ग के दक्षिण पश्चिम बसे दर्जनों गांवों का आने-जाने का मुख्य मार्ग है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। कुछ दिनों से नाली का पानी ओवर फ्लो होकर सड़कों पर बहने से परेशानी और बढ़ गई है।
क्षेत्र के वीरेंद्र यादव, रामजग यादव, बिन्द्रेश, उमेश यादव, बाबूराम, रामाकांत चौधरी, अखिलेश यादव, अमरजीत, जितेंद्र आदि लोगों का कहना है कि आने-जाने वाले राहगीरों की सुविधा को देखते हुए इस सड़क मरम्मत बहुत ही आवश्यक है।