एसपी कार्यालय और महिला थाने के पीछे लगी आग, मची अफरा तफरी
ट्रांसफार्मर में हुए शार्ट सर्किट से झाड़ियों में लगी थी आग, दमकल की गाड़ियों ने आग बुझाया
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। एसपी कार्यालय और महिला थाने के पीछे झाड़ियों में सोमवार को आग लग गई। आग की सूचना पर अफरा तफरी मच गई। सूचना पर दमकल की गाड़ियां पहुंच गईं और आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है कि महिला थाने के पीछे लगे ट्रांसफार्मर में शार्ट सर्किट से निकली चिंगारी झाड़ियों में जा गिरी, जिससे आग लग गई।
सोमवार को दोपहर 12 बजे के करीब महिला थाने के पीछे लगे ट्रांसफार्मर में अचानक शार्ट सर्किट हुआ। जिससे ट्रांसफार्मर से चिंगारी निकली और झाड़ियों में जा गिरी। उसके बाद आग ने विकराल रूप पकड़ लिया। तेज हवा के चलते आग तेजी से फैलने लगी। यह देख महिला थाने में मौजूद कर्मी बाहर निकल आए। पुलिस कर्मियों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर दमकल का वाहन पहुंच गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर महिला थाने के पीछे झाड़ियों में लगी आग पर काबू पाया। इसके बाद बगल में ही बने एसपी कार्यालय के पीछे चिंगारी से आग लग गई। दमकल की गाड़ी वहां पर पहुंच कर आग पर काबू पाया। एसआई चंदन कुमार समेत अन्य पुलिस कर्मियों ने आग बुझाने में काफी मशक्कत की। झाड़ियों लगी आग से करीब एक घंटे तक दोनों कार्यालयों में अफरा तफरी का माहौल कायम रहा।