संतकबीरनगर। सीडीओ जयकेश त्रिपाठी की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें खाद की उपलब्धता, वितरण, धान क्रय केंद्रों और गन्ना खरीद की तैयारियों की समीक्षा की गई।
सीडीओ ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों को खाद और धान बिक्री में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। बैठक में सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता तथा जिला कृषि अधिकारी डॉ. सर्वेश यादव ने बताया कि जिले में खाद का पर्याप्त स्टॉक है और उसका वितरण किया जा रहा है।
इस दौरान कुछ किसानों ने शिकायत की कि पंजीकरण के समय रकबा पूरा दर्ज नहीं होने के कारण अंगूठा लगाने में परेशानी हो रही है। इससे खाद और बीज प्राप्त करने में दिक्कत आ रही है। तहसीलों में अंश निर्धारण की समस्या भी सामने आई। इस पर सीडीओ ने सभी एसडीएम और तहसीलदारों को किसानों का अंश निर्धारण अनिवार्य रूप से सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। मलोरना के किसानों ने धान की कटाई के समय खेतों में पानी भरने की समस्या उठाई। इस पर सीडीओ ने ड्रेनेज विभाग के अधिकारी को रेलवे से संपर्क कर समस्या का जल्द समाधान कराने को कहा। सीडीओ ने गन्ना समिति और मंडी समिति की ओर से कराए गए सड़क निर्माण कार्यों की जानकारी भी मांगी।