सेमरियावां। दिव्यांग बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें समान शैक्षिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बीआरसी सेमरियावां में आयोजित पांच दिवसीय ब्लॉक स्तरीय सामान्य शिक्षक प्रशिक्षण बुधवार को संपन्न हो गया। इसमें 80 सहायक अध्यापकों ने प्रतिभाग किया।
प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को दिव्यांग बच्चों की जरूरतों, शैक्षिक चुनौतियों और समावेशी शिक्षा की अवधारणा के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही अनुकूल शिक्षण पद्धति, पाठ्यक्रम में आवश्यक बदलाव, आईसीटी के प्रयोग, भाषा शिक्षण और सहायक शिक्षण सामग्री के उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
नोडल संकुल शिक्षक जफीर अली ने कहा कि दिव्यांग बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और समान अवसर वाली शिक्षा उपलब्ध कराना सभी शिक्षकों की जिम्मेदारी है। प्रशिक्षण में सीखी गई तकनीकों को विद्यालयों में लागू कर बच्चों की क्षमताओं का विकास किया जाना चाहिए।
प्रशिक्षक धर्मेंद्र कुमार, प्रेम शंकर और अमित कुमार ने विभिन्न गतिविधियों और उदाहरणों के माध्यम से शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह, जिला समन्वयक समेकित शिक्षा रजनीश वैद्य और बीईओ आशीष कुमार सिंह के निर्देशन में आयोजित हुआ।