संवाद न्यूज एजेंसी
महुली। धान के खेत की सिंचाई कर रहे किसान की बृहस्पतिवार सुबह करंट लगने से मौत हो गई। हादसा खेत में कटे बिजली के तार के संपर्क में आने से हुआ। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसान के शव को घर लेकर आए। सूचना पर पहुंची महुली पुलिस शव कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई।
पिड़ारी गांव निवासी किसान राकेश राजभर उर्फ गब्बू (48) पुत्र बुद्धू बृहस्पतिवार सुबह अपने धान के खेत में बिजली के मोटर से पानी चला रहे थे। बताया गया कि करीब नौ बजे वह खेत में मौजूद कटे हुए बिजली के तार की चपेट में आ गए। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
काफी देर तक राकेश के घर न लौटने पर परिजन और ग्रामीण खेत की ओर पहुंचे। वहां उन्हें मृत अवस्था में देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों की मदद से शव को घर लाया गया।