15 बार ट्रिप हुई बिजली, उपभोक्ता पहुंचे विद्युत उपकेंद्र
संवाद न्यूज एजेंसी
सेमरियावां। बिजली उपकेंद्र बाघनगर से बार-बार बिजली ट्रिप होने से बिजली सप्लाई बाधित हो रही है। मंगलवार को भीषण गर्मी में हो रही विद्युत कटौती को लेकर उपभोक्ताओं ने बिजली उपकेंद्र बाघनगर पर पहुंच कर नाराजगी जाहिर की। जेई व एसडीओ के मौजूद न होनेे पर एसएसओ को उपभोक्ताओं ने बिजली कटौती समस्या के बारे में बताया। बिजली कटौती दूर न होने पर प्रदर्शन की चेतावनी दी।
पिछले दो दिनों से बिजली ट्रिप होने की समस्या बढ़ गई है। इस उपकेंद्र पर तीन फीडर है। सबसे ज्यादा समस्या सेमरियावां फीडर के 34 गांव के उपभोक्ताओं को हो रही है। सोमवार की रात 15 बार बिजली ट्रिप होने सप्लाई बाधित हुई है। रात में मुश्किल से ढाई घंटा ही बिजली आपूर्ति लोगों को मिली। विद्युत उपकेंद्र बाघनगर पहुंचे प्रधान संघ के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष मोहम्मद शाहिद, हारून साहिल, अखलाक अहमद, नेसार अहमद, मेराज अहमद, नूरूल हसन, सलाहुद्दीन आदि ने एसएसओ से बात की और व्यवस्था सही करने की मांग की। एसएसओ चंद्र केश कुमार और अमर नाथ वर्मा ने बताया कि मामले से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया है। इस संबंध में विद्युत विभाग के जेई राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि ओवरलोड के चलते बिजली ट्रिप नहीं हो रही है। इंसुलेटर कहीं हीट हो रहा है, इस लिए फाल्ट की समस्या है। जिसे सही कराया जा रहा है।