ग्रामीणों ने सड़क की मरम्मत और नाली निर्माण की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
मगहर। खलीलाबाद विकास खण्ड के ग्राम पंचायत बयारा की सड़क पर चलना जान जोखिम में डालने से कम नहीं है। हालात यह है कि बयारा तिराहे से मगहर की ओर जाने वाली सड़क पर बड़े बड़े गड्ढे हो गये हैं। इन गड्ढों में बारिश का पानी भर जाता है। जिससे आने जाने वालों को कठिनाई हो रही है। बाइक और साइकिल सवार गिर कर घायल भी हो चुके हैं। ग्रामीणों ने सड़क के निर्माण के साथ ही नाली निर्माण की भी मांग की है।
नगर पंचायत मगहर जूनियर हाईस्कूल तिराहे से रसूलपुर होते हुए बयारा तिराहे तक यह सड़क जाती है। इस मार्ग पर गोदाम के सामने घरों के नाबदान का गंदा पानी सड़क पर बहता है। जिसके कारण सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। जिससे राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गांव के कमलेश कुमार, कक्कू, अजीत आदि ने बताया कि जल निकासी न होने के कारण जलजमाव हो जाता है। बारिश होने पर आना- जाना मुश्किल हो जाता है। सम्बंध में ग्राम प्रधान पति पूर्व प्रधान छोटे लाल यादव ने बताया कि बयारा तिराहे से मगहर जूनियर हाईस्कूल तिराहे को जोड़ने वाले मार्ग को विधायक निधि से बनाने का टेंडर हो चुका है। सड़क के निर्माण का कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद है। इसके बाद जल निकासी के लिए नाली निर्माण कराया जाएगा।