संवाद न्यूज एजेंसी
मेंहदावल। लेखपाल संघ की तहसील इकाई मेंहदावल से जुड़े लेखपाल मंगलवार को धरने पर बैठ गए। इन लोगों ने एसडीएम पर अभद्रता का आरोप लगाया है। लेखपालों ने एसडीएम के स्थानांतरण तक कार्य बहिष्कार जारी रखने की बात कही है।
लेखपाल संघ के तहसील अध्यक्ष अभिषेक यादव व मंत्री अंकित मिश्रा के नेतृत्व में लेखपाल संघ ने कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया। आरोप लगाया कि एसडीएम अपने पद की गरिमा खो चुके हैं। लेखपाल संघ के सदस्य सुधीर सिंह जल जीवन मिशन भूमि की उपलब्धता की सूचना एसडीएम को देने के लिए उनके बुलाने पर गए थे, जहां पर एसडीएम द्वारा अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया व थप्पड़ मारने की बात कही गई। लेखपालों में इस घटना को लेकर रोष है।
लेखपाल संघ ने घटना के बाद बैठक की तो उसमें यह बात सामने आयी कि एसडीएम अक्सर लेखपालों से दुर्व्यवहार करते हैं। लेखपाल संघ ने डीएम से एसडीएम के स्थानांतरण की मांग की है। स्थानांतरण होने तक लेखपाल संघ ने कार्य बहिष्कार का निर्णय लिया हैं। संघ के तहसील संयोजक दधीचपाल ने कहा कि एसडीएम का आचरण लेखपालों के प्रति सही नहीं है। ऐसे एसडीएम को स्थानांतरित करें तभी लेखपाल कार्य पर लौटेगें। इस दौरान पूर्व तहसील अध्यक्ष उदयभान चौधरी, अभय प्रताप सिंह, मो.मोहसीन, विजय कुमार, सुधीर गुप्ता, शेषदत्त त्रिपाठी, लक्ष्मी शंकर सिंह, जोखन प्रसाद, राम अदीश, पूनम, ज्योति वर्मा, रुपम वर्मा, अन्नू पांडेय आदि लेखपाल मौजूद रहें। इस संबंध में एसडीएम अजय तिवारी ने कहा कि लेखपालों के जरिए लगाए जा रहे सभी आरोप बेबुनियाद हैं।