हर-हर महादेव से गूंजे शिवालय
सावन के पहले सोमवार को शिव मंदिरों में जलाभिषेक के लिए उमड़े श्रद्धालु
तामेश्वरनाथ मंदिर समेत अन्य मंदिरों में लगी भीड़
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिहरपुर। सावन के पहले सोमवार को जिले के शिवालयों में शिव को जलाभिषेक करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। शिवभक्तों ने बेलपत्र, फूल, भांग, धतूरा, गंगाजल और दूध से शिव का अभिषेक किया। हरिहरपुर के सिद्धेश्वरनाथ, बेल्डुहा, निबिअहवा पोखरा स्थित स्थानीय शिव मंदिरों पर भी शिवभक्तों ने जलाभिषेक किया।
ऐतिहासिक तामेश्वरनाथ धाम में सोमवार की भोर से ही शिव को जलाभिषेक करने के लिए श्रद्धालुओं की लंबी लाइन लगी रही। शिव मंदिर के सामने स्थित पोखरे तक बैरिकेडिंग के जरिए महिला और पुरुष की अलग-अलग लाइन से मंदिर में प्रवेश कराने की व्यवस्था रही। पुलिस ने धनघटा खलीलाबाद रोड से मंदिर की ओर जाने वाली सड़क पर बैरिकेडिंग कर दो पहिया व चार पहिया वाहनों को अंदर जाने से रोक दिया गया। जलाभिषेक के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं को जल चढ़ाने में कोई कठिनाई न हो, इसके लिए कमेटी के लोग मौके पर व्यवस्था संभालने में जुटे रहे। शिव मंदिर पर सुरक्षा के लिहाज से पुलिस के जवान मुस्तैद रहे। पूर्व प्रधान ब्रह्मशंकर भारती, गोश्वामी शक्ति दत्त भारती, प्रधान प्रतिनिधि राम सुरेश पासवान सहित भारती परिवार के लोग व्यवस्था के सुचारु रूप से संचालन में लगे रहे। लोगों ने शिव को जलाभिषेक के बाद परिसर में लगी दुकानों पर खरीदारी भी की। इसी तरह हरिहरपुर के बाब सिद्धेश्वरनाथ, नाथनगर के निबिअहवा पोखरा, बेल्डुहा स्थित शिव मंदिरों और स्थानीय शिवालयों पर बड़ी संख्या में लोगों ने शिव जलाभिषेक किया।
आस्था के आगे बेदम दिखी कोरोना की पाबंदी
हरिहरपुर। जिले के लोगों के आस्था का केंद्र तामेश्वरनाथ शिव मंदिर पर जलाभिषेक के लिए उमड़े श्रद्धालुओं ने कोरोना की पाबंदी को दरकिनार करते हुए शिव मंदिर में प्रवेश किया। लंबी लाइनों में खड़े श्रद्धालुओं की भीड़ को कोरोना प्रोटोकॉल की जानकारी देना व पालन कराना पुलिस प्रशासन व व्यवस्था में लगे लोगों के लिए मुश्किल हो गया था। सामाजिक दूरी का पालन किए बगैर लोग लाइनों में खड़े रहे। जलाभिषेक के लिए पहुंचने वाले अधिकांश लोगों ने मास्क लगाना उचित नहीं समझा।