बेलहर थाने के निकट अज्ञात वाहन की चपेट में आने से वृद्ध की मौत
बेलहर। शुक्रवार की शाम को बेलहर थाने के निकट किसी वाहन की चपेट में आने से वृद्ध की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रो कर बुुरा हाल था।
शुक्रवार की शाम को 70 वर्षीय झब्बर निवासी धौरहरा जिला सिद्धार्थ नगर सांथा चौराहे से थाने की तरफ जा रहे थे। तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें चपेट में ले लिया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर बेलहर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे सांथा निवासी हगनू प्रसाद ने बताया कि उनके साले झब्बर पिछले तीस वर्षों से उसके घर पर ही रहते थे। उनकी शादी नहीं हुई थी। पिछले पांच वर्षों से थाने की साफ-सफाई करने के लिए आते-जाते थे। उससे उनका खुद का खर्चा चल रहा था। एसओ संतोष कुमार मिश्र ने बताया की घटना के बाद शव को कब्जे में ले लिया गया है। परिजनों को बुलाया गया है तथा अज्ञात गाड़ी की खोजबीन की जा रही है।