महुली क्षेत्र में तीन दिन पूर्व हुई युवती की हत्या के मामले की जांच कर रही पुलिस टीम हत्यारों के करीब पहुंच चुकी है। इस संबंध में कुछ संदिग्धों से भी पूछताछ की गई। सूत्रों के मुताबिक पुलिस दीपावली से पहले हत्याकांड का खुलासा कर देगी।
बीते बुधवार को महुली क्षेत्र के खरवनिया कला गांव के सीवान में अर्द्धनग्न हाल में युवती का शव मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की बात सामने आई थी। साथ ही बताया गया कि हत्या से पूर्व युवती ने शारीरिक संबंध में बताया है।
इससे दुष्कर्म के बाद हत्या की बात को बल मिला था। वहीं युवती के मोबाइल की काल डिटेल से भी पुलिस को कई अहम सुराग मिले हैं। सूत्रों की माने तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट और काल डिटेल के आधार पर कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। इनसे कई अहम सुराग मिलें हैं।
अब तक जांच पड़ताल में युवती की हत्या उसके करीबियों के जरिए किए जाने की बात सामने आ रही है। साथ ही यह भी बात सामने आई है कि युवती की एक युवक से निकटता भी थी। स्वाट टीम पूरे मामले की जांच कर रही है, जबकि महुली पुलिस टीम का सहयोग कर रही है। एसओ सबाहुद्दीन ने बताया कि हत्या से जुड़े तार का सुराग हाथ लगे हैं। हत्या में युवती के कुछ करीबियों का हाथ होने की बात जांच में सामने आ रही है। उम्मीद है कि जल्द ही मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।