चमरसन गांव में प्रधान के घर पर सरकारी गेहूं और बोरे बरामद हुए।
- फोटो : अमर उजाला
संतकबीरनगर। कोतवाली क्षेत्र के चमरसन ग्राम प्रधान के घर सरकारी गेहूं की खरीद करके रखे जाने की सूचना पर प्रशासन ने बुधवार देर शाम छापेमारी की। टीम ने मौके से 250 बोरी गेहूं और 163 खाली बोरी बरामद की। जबकि 100 पुराने बोरे में भी गेहूं रखा पाया।
टीम ने निर्धारित क्रय केंद्र पर गेहूं खरीद न करके ग्राम प्रधान के घर खरीद किए जाने की बात बताई। डिप्टी आरएमओ रामानंद जायसवाल और नायब तहसीलदार दीपक कुमार गुप्ता ने बताया कि एसडीएम सदर को कहीं से सूचना मिली कि चमरसन गांव के प्रधान रामजीत चौधरी के घर पर सरकारी गेहूं की खरीद अवैध ढंग से की जा रही है।
एसडीएम के निर्देश पर चमरसन गांव के प्रधान के घर शाम साढे छह बजे छापेमारी की गई। मौके पर रामजीत चौधरी के घर पर सरकारी बोरे में गेहूूूं क्रय किया जा रहा था। 50-50 किलोग्राम के 250 बोरे में गेहूं रख कर सिंलाई की जा चुकी थी।जबकि 100 पुराने बोरे में भी गेहूं रखा गया था। नए बोरे में उसे पलटी किए जाने की तैयारी की जा रही थी।
जबकि मौके से 163 बोरी खाली नया बोरा मिला। मौके पर साधन सहकारी समिति भेलवासी ऐट सुजिया के केंद्र प्रभारी हरिशंकर चौधरी वहां उपस्थिति पाए गए। जबकि अपना केंद्र बंद करके चमरसन प्रधान के घर पर ही बिचौलियों के माध्यम से अवैध तरीके से गेहूं की खरीद कर रहे है। बाद में सूचना पर कांटे चौकी की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
अवैध तरीके से गेहूं की खरीद किए जाने के मामले में पीसीएफ के प्रबंधक की सुरेश तिवारी की ओर से केंद्र प्रभारी हरिशंकर चौधरी और ग्राम प्रधान चमरसन रामजीत चौधरी के खिलाफ प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कोतवाली पुलिस को तहरीर दी जा रही है।
मामले से डीएम और एसडीएम को अवगत करा दिया गया है। एसडीएम उमेश चंद्र निगम ने बताया कि केंद्र प्रभारी और प्रधान के खिलाफ केस दर्ज किए जाने का निर्देश कोतवाली पुलिस को दिया गया है।