हरिहरपुर(संतकबीरनगर)। शुक्रवार की रात 18 वर्षीय शिवम पर हुए चाकू से हमले के विरोध में नगर पंचायत कार्यालय के पास शनिवार की सुबह शिवराष्ट्र सेना के सदस्य व घायल युवक के परिजन सहित सैकड़ों की संख्या में लोग पहुंचे। लोगों ने घटना का विरोध जताने के लिए बाजार बंद कराना चाहा। इसी दौरान भीड़ से कुछ लोगों नें सब्जी की दुकान व मुर्गा बेचने वाले की चौकी में आग लगा दी। सूचना पर पहुंची महुली पुलिस ने लोगों को वहां से हटाया।
पुलिस पूछताछ के लिए कुछ लोगों को थाने ले गई। मामले की गंभीरता देख मौके पर नगर पंचायत कार्यालय के पास पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। इस बाबत एसओ शैलेंद्र राय ने बताया कि वारदात में शामिल पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि लगभग तीन दिन पूर्व नगर पंचायत हरिहरपुर के वार्ड दो राजेंद्र नगर में रात के समय सर्कस के दौरान दो पक्षों में विवाद हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो सर्कस देखने के दौरान ही चाकू से घायल युवक और हमलावर आमने-सामने हो गए थे, लेकिन मौके पर मौजूद कुछ लोगों के बीच-बचाव करने पर मामला शांत हो गया था। वजह यह थी कि सर्कस देख रही कुछ लड़कियों के साथ वहां मौजूद कुछ लोगों ने छींटाकशी की थी। इसी बात पर घायल युवक शिवम का प्रतिवाद करना उसके लिए मंहगा साबित हुआ और शुक्रवार की रात हमलावर इकट्ठा होकर युवक पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगने से घायल 18 वर्षीय शिवम शिव राष्ट्र सेना का सदस्य है। पिता पुरुषोत्तम गांवों में फेरी लगाकर सामान बेचते हैं। शिवम अपने वार्ड में ही एक छोटी सी टंकी रखकर रोजमर्रा का सामान बेचता है । शुक्रवार की रात वह कुछ जरूरी सामान खरीदने पुरानी बाजार गया था। पहले से वहां मौजूद कुछ लोगों से विवाद हो गया।