धनघटा(संतकबीरनगर)। महुली क्षेत्र के जोगाराजा गांव में शनिवार देर शाम को एक विवाहिता की संदिग्ध हाल में मौत हो गई। इस मामले में मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए पति, सास-ससुर के खिलाफ केस दर्ज कराया है। सूचना पर सीओ और एसओ ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी सास, ससुर और पति को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के पकडड़ीहा निवासी स्वर्गीय श्रीराम मौर्य की 26 वर्षीय पुत्री इंद्रमति की शादी वर्ष-2013 में महुली थाना क्षेत्र के ग्राम जोगाराजा निवासी राजकुमार मौर्य के पुत्र राकेश के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से इंद्रमति को ससुराल वाले दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे थे। शनिवार शाम करीब सात बजे संदिग्ध हाल में इंद्रमती देवी की मौत हो गई। इस मामले की जानकारी मृतका के परिजनों को जोगाराजा गांव के एक व्यक्ति के माध्यम से हुई। मौके पर पहुंचे सीओ एके पांडेय, तहसीलदार रामशुभ शर्मा और एसओ ने शव कोकब्जे में ले लिया। मृतका के भाई सीताराम ने पति राकेश, सास सुमित्रा देवी और ससुर राजकुमार पर दहेज हत्या का केस दर्ज कराया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। एसओ महुली शैलेंद्र राय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की सही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।