नगर स्थित पीएनबी की शाखा पर गुरुवार को रकम निकालने गए एक छात्र को दरोगा ने पीट दिया। छात्र के अनुसार उसने दरोगा से केवल इतना पूछा था कि कितनी रकम मिल सकती है। ऐसा आरोप लगाते हुए पीड़ित छात्र ने एसपी को प्रार्थना पत्र दिया। एसपी ने मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया।
बरदहिया बाजार निवासी एचआरपीजी कॉलेज में बीए तृतीय वर्ष के छात्र विजय गुप्ता पुत्र शिव प्रसाद गुप्त का आरोप है कि गुरुवार को वह पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में रकम निकालने गया था। जहां सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस कर्मी लगे थे। आरोप है कि उसने वहां मौजूद एक दरोगा से सिर्फ इतना पूछा कि सर कितना पैसा निकल सकता है। उसी बात को लेकर दरोगा भड़क गए और अपशब्द कहने लगे।
इसका विरोध करने पर उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और मारा पीटा गया। जबकि वहां मौजूद पुलिस कर्मियों ने बताया कि रकम निकालने आया युवक अफवाह फैलाने की कोशिश कर रहा था, जब उसे मना किया तो उल्टी-सीधी बाते करने लगा। पीड़ित ने एसपी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। एसपी विक्रमादित्य सचान ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। इसकी जांच कराएंगे। जांच के बाद आगे जैसी स्थिति होगी,वैसी कार्रवाई की जाएगी।