संतकबीरनगर। कोतवाली पुलिस ने गुरुवार को बालू शासन के पास से एक युवक को कार और कट्टा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। पकड़ा गया युवक जिस कार से जा रहा था, वह भी चोरी की निकली। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
कोतवाल शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि गुरुवार को मेंहदावल बाईपास चौराहे पर सहयोगी सिपाहियों के साथ भ्रमण कर रहे थे। उसी बीच सूचना मिली एक युवक चोरी की कार से बखिरा की तरफ से आ रहा है, उसके पास अवैध असलहा भी है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए बालू शासन के पास घेराबंदी की गई।
कुछ देर बाद एक कार आती दिखाई दी तो उसे रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक कार लेकर भागने लगा। जिसे बाद में रोक लिया गया। तलाशी के दौरान युवक के पास से 303 बोर का एक कट्टा व दो कारतूस बरामद किया। कार के कागजात मांगने पर युवक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।
सख्ती से पूछताछ की गई तो पता चला कि कार चोरी की है, जिसे बेचने के लिए वह खलीलाबाद आ रहा था। पूछताछ में पकड़े गए युवक की पहचान खलीलाबाद के मोतीनगर निवासी मेहताब आलम के रुप में हुई। आरोपी ने बताया कि चोरी की कार को बेचने की फिराक में था और पकड़ा गया।
पकड़े गए आरोपी के खिलाफ चोरी की कार बरामद होने और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया। इसके आपराधिक रिकार्ड के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पूछताछ में कुछ अहम सुराग हाथ लगे है। उम्मीद है कि अभी कुछ और सफलता मिल सकती है।