महुली क्षेत्र के एक गांव की विवाहिता से दुष्कर्म का मामला सामने आया। रविवार को पुलिस ने आरोपी युवक समेत पांच के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। पीड़िता का आरोप है कि 18 मई को उसके मायके का रहने वाला कमलेश नामक युवक उसकी ससुराल पहुंचा। उसकी मां की बीमारी का बहाना बनाकर उसे अपने साथ मायके चलने को कहा।
पीड़िता के परिवार में सिर्फ उसकी वृद्ध सास ससुर हैं। जबकि उसके पति रोजगार के सिलसिले में दुबई गए हैं। कमलेश उसके विरोध के बाद भी अपने साथ धोखे से मायके न ले जाकर दूसरी जगह लेकर चला गया, जहां पहले से मौजूद आरोपी के घरवालों ने मिलकर उसके सभी जेवर छीन लिए। आरोपी कमलेश ने रात में कई बार पीडिता के साथ दुष्कर्म किया।
अगले दिन उसे आरोपियों ने पीड़िता के मायके के सीवान में छोड़ दिया। महुली पुलिस ने जब पीड़िता की तहरीर पर कार्रवाई नही किया तो उसने डीआईजी से न्याय की गुहार लगाई।
डीआईजी के निर्देश पर सीओ धनघटा ने मामले की जांच की तो आरोप सही मिला। उसके बाद रविवार को पुलिस आरोपी कमलेश पर रेप और चार अन्य पर जेवर छीन लेने के आरोप में केस दर्ज किया।