हाइवे पर कुर्थिया के पास हुए हादसे में घायल डंफर चालक की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि घायल तीन अन्य को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहीं जाम करने के मामले में पकड़े गए आरोपी प्रधान समेत चार लोगों को जेल भेज दिया गया।
कांटे चौकी इंचार्ज रामभवन यादव ने बताया कि बुधवार को कुर्थिया के पास एक डंफर की चपेट में आने से अशरफपुर गांव निवासी रामतीरथ घायल हो गए थे। घटना के बाद चालक वाहन खड़ा करके सड़क पार कर रहा था कि इसी दौरान वह बाइक से टकरा गया। जिसमें डंफर चालक अवनीश चौधरी पुत्र रामबहाल निवासी अजगैवा जंगल थाना गौर जिला बस्ती व बाइक सवार युवक वसीउल्ला खां पुत्र हसन रजा निवासी चंगेरा मंगरा और अकरम पुत्र वाजिद अली निवासी डड़वा कोतवाली घायल हो गए थे। चारों को एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भेजवा दिया गया।
अभी पुलिस डंफर रास्ते से हटवा रही थी कि अशरफपुर के प्रधान इंद्रदेव यादव के नेतृत्व में भीड़ ने हाईवे को जाम कर दिया। जिससे करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा था। बाद में पुलिस ने भीड़ को खदेड़ कर जाम खुलवाया। इस मामले में पुलिस ने चार नामजद समेत 60 लोगों के खिलाफ हाईवे जाम करने के आरोप में केस दर्ज किया था। पुलिस ने आरोपी प्रधान इंद्रदेव यादव,हबीब, इंद्रकुमार और गणेश को गिरफ्तार कर गुरुवार को जेल भेज दिया गया। हादसे में घायल हुए डंफर चालक अवनीश चौधरी को डॉक्टरों ने गंभीर बताते हुए लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया था।
रास्ते में ले जाते समय डंफर चालक अवनीश चौधरी की मौत हो गई। जबकि घायल रामतीरथ, वसीउल्ला खां और अकरम को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया था। हाईवे जाम के दौरान पुलिस ने वीडियोग्राफी की थी। इसके सहारे अज्ञात में दर्ज आरोपियों की पहचान कराई जा रही है। जल्द ही अन्य आरोपी भी पुलिस की पकड़ में होगे।