दो सीपीयू, दो बैटरी और इंवर्टर बरामद
शहर से सटे गांव पिपरिया स्थित अंनतराम इंटर कॉलेज के कंप्यूटर रूम का बुधवार की रात चोरों ने ताला तोड़ दिया और उसमें रखे दो सीपीयू, दो बैटरी और इंवर्टर चोरी कर ले गए। पुलिस ने पड़ोस के ही एक घर से चोरी गया सारा सामान बरामद कर दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है।
बुधवार की रात चोर सीतापुर रोड पर स्थित अंनतराम इंटर कॉलेज में छत के सहारे घुस गए और कंप्यूटर कक्ष का ताला तोड़कर दो सीपीयू, दो बैटरी और इंवर्टर चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी सुबह कॉलेज खुलने पर हुई। कॉलेज के प्रधानाचार्य यदुनंदन प्रसाद श्रीवास्तव ने एलआरपी चौकी पुलिस को घटना की तहरीर दी। सूचना पर पहुंचे चौकी इंचार्ज उमेश्वर यादव ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पड़ोस स्थित अनिल कुमार वर्मा के घर के अंदर तक जाने के पुलिस को पैरों के निशान मिले। संदेह होने पर पुलिस ने जब अनिल के घर की तलाशी ली तो बक्से के अंदर से चोरी गया माल बरामद हो गया। जिस पर पुलिस ने अनिल कुमार वर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अनिल ने अपने दूसरे साथी गांव के ही कपिल उर्फ छोटू के घटना में शामिल होने की जानकारी दी। जिस पर पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। एसएसआई जेपी यादव ने बताया कि प्राचार्य की ओर से दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।