बखिरा क्षेत्र के पिपरी गांव के चौधरी पुरवा में मंगलवार को आई एक बारात में आर्केस्ट्रा की धुनों पर डांस करने को लेकर घरातियों और बारातियों में मारपीट हो गई। इसमें दोनों पक्षों के छह लोग घायल हो गए। इसी बीच कुछ लोगों ने वाहनों पर पथराव कर क्षतिग्रस्त कर दिया। पथराव के दौरान वाहन लेकर भाग चालक ने सड़क के किनारे चारपाई पर सो रहे एक वृद्ध को अपनी चपेट में ले लिया। वृद्ध को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
पिपरी गांव के चौधरी पुरवा निवासी रमाशंकर की बेटी की मंगलवार को शादी थी। बारात सिद्धार्थनगर जिले से आई थी। द्वारपूजा पर जाते समय आर्केस्ट्रा की धुनों पर डांस करने को लेकर घराती और बाराती पक्ष के युवकों के बीच हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में तब्दील हो गई। इस दौरान बारात में आई कुछ गाड़ियों पर पथराव कर क्षतिग्रस्त भी कर दिया। पथराव के दौरान एक बराती गाड़ी लेकर भागने लगा। तभी पिपरी यादव पुरवा में सड़क के किनारे चारपाई पर सो रहे पारस यादव (65) पुत्र मकालू को अपनी चपेट में ले लिया।
जिससे वृद्ध घायल हो गए। विवाद से बारात में भगदड़ मच गई और लोग इधर-उधर जान बचाकर भागने लगे। बवाल बढ़ा तो किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। एसओ रामभवन यादव फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और मामले को शांत कराया। पुलिस की मौजूदगी में ही शादी हुई और बुधवार अलसुबह बारात विदा हो गई। लोगों ने बताया कि बारात आए कई लोग भागते दौरान घायल हो गए। जिसमें एक गाड़ी चालक राजकुमार भी घायल हो गया।जबकि घराती पक्ष से सोनू बीच- बचाव में घायल हो गए।