ट्रक की चपेट में आने से बैंककर्मी की मौत
खलीलाबाद से खाना खाकर बाइक से लौट रहे थे घर
फोटो
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के बड़गो के पास बृहस्पतिवार की देर रात ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार बैंककर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज ले जाते समय मगहर के पास उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के भेज दिया। साथी की मौत की सूचना पर जिला अस्पताल में बैंक के अन्य कर्मचारी जुट गए।
बिहार के नालंदा जिले के इमादपुर निवासी 28 वर्षीय राजीव रंजन खलीलाबाद के इंडस्ट्रीयल एरिया स्थित स्टेट बैंक की शाखा में लिपिक के पद पर तैनात थे। वह बड़गो में किराए के मकान में रहते थे। रोज की तरह बृहस्पतिवार की रात खलीलाबाद के किसी होटल से खाना खाकर बाइक से वापस बड़गो स्थित मकान पर जा रहे थे। अभी वह बड़गो स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दिया। इससे वह बाइक समेत सड़क पर गिर गए। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। किसी ने इसकी सूचना एंबुलेंस को दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना पर साथी बैंक कर्मी जिला अस्पताल पहुंच गए। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देख मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज ले जाते समय उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर बिहार से उनके परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। इंडस्ट्रीयल एरिया स्थित एसबीआई शाखा के चीफ मैनेजर जितेंद्र कुमार, शैलेश विश्वकर्मा, संदीप रौनिहार, शक्ति रंजन आदि ने शोक जताया और परिजनों को ढांढस बंधाया। चौकी इंचार्ज कलेक्ट्रेट आंनद सिंह ने बताया कि बैंककर्मी राजीव रंजन के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।