बखिरा थाना क्षेत्र के मठियापार (देवरिया बाबू) चौराहे की घटना
- फोटो : अमर उजाला
लोहरौली। बखिरा थाना क्षेत्र के मठियापार (देवरिया बाबू) चौराहे पर स्थित परचून की दुकान एवं घर में सोमवार की रात चोरों ने हाथ साफ किया। दुकान का ताला तोड़कर घुसे चोरों ने ढाई लाख रुपये नकदी के अलावा कई गहने व अन्य कीमती सामान भी चुरा ले गए। गृहस्वामी ने बखिरा पुलिस को तहरीर दी है।
मठियापार चौराहे पर सचिन वर्मा पुत्र हरिनाथ वर्मा की मकान है। अगले हिस्से में सचिन ने परचून की बड़ी दुकान खोल रखी है। पिछले हिस्से में परिवार भी रहता है। सचिन वर्मा के अनुसार सोमवार की रात दुकान का ताला तोड़कर घुसे चोरों ने कैश काउंटर के अलावा घर के कमरों में रखे सामान भी चुरा लिए। सचिन के अनुसार दुकान की बिक्री के रखे ढाई लाख रुपये नकद के अलावा पत्नी के कई जेवर और घर के अन्य कीमती सामान चोर चुरा ले गए। सुबह घर के सदस्यों की नींद खुली तो टूटे बाक्स व बिखरे सामान देखकर चोरी की जानकारी हुई। घर की महिलाओं का शोर सुनकर अगल-बगल के लोग पहुंचे तो इस भीषण चोरी की घटना से सन्न रह गए। जल्दी ही चौराहे के तमाम लोग वहां पहुंच गए। इस संबंध में एसओ सुधीर सिंह ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। तहरीर के अनुसार केस दर्ज कर विधिक कार्रवाई होगी।
दो थाना क्षेत्रों का बॉर्डर है यह चौराहा
मठियापार चौराहा बखिरा व दुधारा थाना क्षेत्र की सीमा रेखा पर है। बाजार का कुछ हिस्सा बखिरा में तो कुछ दुधारा में है। सोमवार की रात हुई चोरी के मामले की सूचना देने के लिए भी मंगलवार को काफी देर तक इस बात पर चर्चा होती रही कि घटना स्थल किस थाना क्षेत्र में है। बाद में मामला बखिरा थाना क्षेत्र का होने पर सूचना बखिरा पुलिस को दी गई। चौराहे के लोगों का कहना है कि बॉर्डर होने के चलते दोनों ही जगह की पुलिस यहां कम ही आती है।