संतकबीरनगर। एसपी आकाश तोमर ने मंगलवार की रात दुधारा थाना अंतर्गत पचपोखरी चौकी का निरीक्षण किया। उस दौरान चौकी पर तैनात इंचार्ज सोते मिले। एसपी ने उन्हें जगाकर सोने का कारण पूछा तो वह कुछ बता नहीं पाए। एसपी ने उनका एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया है। इसी क्रम में पुलिस लाइंस में तैनात एक वाहन चालक को भी लापरवाही में निलंबित कर दिया गया है। एसपी की इस कार्रवाई से पुलिस कर्मियों में हड़कंप मचा है।
एसपी आकाश तोमर मंगलवार की देर रात अचानक पुलिस चौकी पचपोखरी पर पहुंच गए। एसपी चौकी के अंदर घुसे तो चौकी इंचार्ज अवधेश पांडेय सोते मिले। एसपी ने चौकी इंचार्ज को जगाया। एसपी को सामने देख चौकी इंचार्ज की नींद उड़ गई। एसपी ने फटकारते हुए कहा कि ड्यूटी के दौरान सोना लापरवाही है। यह अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। उन्होंने चौकी इंचार्ज का एक दिन का वेतन काटने के साथ ही सेवा पुस्तिका में भी लापरवाही दर्ज करने का निर्देश दिया। एसपी ने जिले के सभी पुलिस कर्मियों को ड्यूटी के प्रति सजग रहने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के दौरान किसी भी पुलिसकर्मी की लापरवाही पाई गई तो उसे दंडित किया जाएगा। एसपी आकाश तोमर ने बताया कि मंगलवार को पुलिस लाइंस के परिवहन शाखा का निरीक्षण किया। चालक अर्जुन प्रसाद की लापरवाही के चलते सरकारी गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई है। उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इसके साथ ही विभागीय जांच का निर्देश दिया गया है। एसपी के इस कार्रवाई से पुलिस कर्मियों में हड़कंप मचा हुआ है।