ट्रक चालक से हुए लूट में तीन गिरफ्तार
फोटो
बुलेट मोटरसाइकिल, चाकू, एटीएम कार्ड और मोबाइल बरामद
12 नवंबर की रात टेमा रहमत के पास हुई थी लूट
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। कोतवाली क्षेत्र के टेमा रहमत के पास दो दिन पहले ट्रक चालक से लूट के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक बुलेट मोटरसाइकिल, दो चाकू, एटीएम कार्ड और मोबाइल बरामद हुए। गिरफ्तार अभियुक्तों को पुलिस ने जेल भेज दिया।
एसपी आकाश तोमर ने बुधवार को पत्रकार वार्ता में दावा किया कि 12 नवंबर की रात कोतवाली क्षेत्र के टेमा रहमत पास एक ढाबे पर खड़े कंटेनर ट्रक के चालक से कुछ लोगों ने लूटपाट की थी। मामले के पर्दाफाश के लिए टीम को लगाया गया था। चौकी प्रभारी कांटे शशि भूषण पांडेय के नेतृत्व में गठित टीम 13 नवंबर की रात टेमा रहमत चौराहे के पास से उस्मान निवासी वासीन थाना दुधारा, मोहम्मद शमशाद निवासी वासीन थाना दुधारा और मो शरीफ निवासी वासीन थाना दुधारा को गिरफ्तार किया। उनके पास से दो चाकू, एक बुलेट मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन, एक एटीएम, एक ड्राइविंग लाइसेंस और एक हजार रुपये नकद बरामद हुआ। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि 12 नवंबर की रात को टेमा रहमत के पास ढाबे पर खड़े कंटेनर ट्रक के चालक को मारपीट कर उससे तीन हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन व पर्स छीन लिए थे। कुछ दूर जाने के बाद पर्स में रखा ड्राइविंग लाइसेंस, एटीएम कार्ड निकाल कर पर्स को रास्ते में फेंक दिया था। छीने हुए रकम को वे लोग खाने-पीने व मोटरसाइकिल में तेल भरवाने में खर्च कर दिए।