पछुआ हवा के झोंकों के साथ जिले में 16 जगहों पर लगी आग में करीब 300 बीघे गेहूं की फसल जल कर राख हो गई। अलग-अलग क्षेत्रों में एक साथ कई आग की घटनाओं की खबर पाने से फायर विभाग के कर्मी भी सकते में आ गए। आग की घटना में सर्वाधिक नुकसान मेंहदावल क्षेत्र में हुआ हैं। गांव वालों की मदद से फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया।
मेंहदावल प्रतिनिधि के अनुसार रविवार को क्षेत्र के खरजा बहरी और भरवलिया गांव के सीवान में अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग की घटना में करीब 100 बीघे गेहूं और सरसों की फसल जल कर नष्ट हो गई। इसी तरह मेहावर गांव के पूरब सीवान व पचनेउरी सीवान में लगी आग की घटना में करीब 150 बीघे गेहूं की फसल जल जाने का अनुमान लगाया जा रहा है। आगजनी की घटना में गिरिराज सिंह का पक्का मकान, बुलबुल, रामनयन, साधू, हरिलाल, ईश्वर, रामनयन, रामसूरत सहित तमाम किसानों की फसल जल गई।
दमकल और गांव वालों के सहयोग से तीन घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका।
लोहरैया प्रतिनिधि के अनुसार धनघटा क्षेत्र के किसानों पर आग का कहर रविवार को भी बरपा। दोपहर में दो अलग-अलग स्थानों पर गेहूं की फसल में आग लग गई। इससे सात किसानो के 15 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। गांव के लोग और फायर ब्रिगेड कर्मी दो घंटे मशक्त के बाद आग पर काबू पा सके।
गड़थौलिया गांव के गुलाब यादव के गेंहू की फसल में आग लगी । देखते देखते आग ने उनके एक बीघा गेहूं की सफल जलाकर राख कर दिया। गांव के लोग आग को बुझा लिए। जिससे भारी आग आगे नही बढ़ सकी। दूसरी घटना पट्टी बडग़ो हिस्सा समोगर के सीवान में घटी। जहां चल रहे पंपिगसेट के सैलेंसर से निकली चिनगारी गेहूं की फसल में गिरकर बिकराल रुप धारण कर ली। गांव और फायर बिग्रेड के लोग पहुंचकर आग पर जब तक काबू पाते तब तक शोभई, रमाकांत, दयालू, राजाराम, पौहारी राय , जयप्रकाश का 14 बीघा गेहूं की फसल आग की भेंट चढ़ गई।
सेमरियावां प्रतनिधि के अनुसार तिनहरी गांव के सीवान में आग लग गई और करीब तीन बीघा गेहूं की फसल जल कर नष्ट हो गया। फायर विभाग की सूचना के मुताबिक बूधा, सरफसरा, बेलबनवा, केवटलिया, गड़थवलिया, पट्टी बड़गों, खरचा, भरवलिया, समोगर आदि 16 जगहों पर सीवान में आग लगने की सूचना मिली। आग की घटना में क्षति का आंकलन अभी तक नही हो पाया है, लेकिन गेहूं की काफी फसल जली है। जहां कहीं फायर ब्रिगेड को सूचना मिल रही है,वहां गाड़ियां भेजी जा रही है। किसान जल्दी-जल्दी गेहूं की मड़ाई कराने में जुट गए है।