एसपी ने लिया घटना का जायजा, वीडियो फुटेज भी खंगाला
- फोटो : अमर उजाला
धनघटा। महुली थाना क्षेत्र के ग्राम जयरामपट्टी स्थित समय माता मंदिर के पास बेखौफ बदमाशों ने बुधवार को तमंचा दिखाकर मां-बेटे से 42 हजार रुपये लूट लिया। महिला अपने बेटे के साथ पीएनबी शाखा नाथनगर से रुपये निकाल कर बाइक से घर जा रही थी। एसपी ने घटनास्थल का जायजा लिया।
ग्राम पानाराम निवासी शकुंतला देवी पत्नी विश्वनाथ यादव अपने पुत्र संजय के साथ नाथनगर स्थित पीएनबी शाखा पर रुपये निकालने गई थी। बैंक से रुपये निकाल कर संजय ने 42 हजार रुपये बाइक के टूल बाक्स में रख दिया और अपनी मां को बैठा कर घर के लिए निकला।
जयरामपट्टी गांव के पास स्थित समय माता मंदिर के पास पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने संजय की बाइक को रोक कर तमंचा तान दिया। संजय के अनुसार, बाइक की चाबी छीन कर बदमाशों ने गोली मारने की धमकी देकर टूल बाक्स खोलवा कर रुपये निकाल लिया। इसके बाद बदमाश वापस नाथनगर की तरफ भाग निकले।
सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर महुली सौदागर राव भी मौके पर पहुंच गए। धनघटा एसओ के साथ ही क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम ने भी बदमाशों की धर पकड़ का प्रयास तेज कर दिया है। एसपी शैलेश कुमार पांडेय और एएसपी असित श्रीवास्तव ने भी घटना का जायजा लिया।
महुली पुलिस ने लूट का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बैंक का सीसीटीवी फुटेज भी खंगाला। संदेह के आधार पर दो युवकों से पूछताछ की बात कही जा रही है।
इस संबंध में एसपी शैलेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि मामले के खुलासा के लिए महुली पुलिस के साथ-साथ धनघटा पुलिस और स्वाट टीम को भी लगाया गया है। जल्द ही बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा।