सड़क के किनारे 50 वर्षीय महिला का शव मिला।
- फोटो : अमर उजाला
हैंसर। धनघटा थाना क्षेत्र के बिड़हर घाट पुलिस चौकी से 200 मीटर उत्तर मंगलवार की सुबह सड़क के किनारे 50 वर्षीय महिला का शव मिला। चपरा पूर्वी गांव की इस महिला के पति बिड़हरघाट चौराहे पर चाय की दुकान चलाते हैं।
घरवालों ने गांव के दो लोगों को आरोपित करते हुए जमीन के विवाद में हत्या की आशंका जताई है। वहीं धनघटा पुलिस इसे सड़क हादसा बता रही है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
चपरा पूर्वी गांव के खालेपुरवा टोला निवासी रामपाल बिड़हर घाट पर अपने परिवार के साथ रहकर चाय की दुकान चलाते हैं। रामपाल के अनुसार सोमवार की रात में भोजन के बाद परिवार के लोग सो गए थे। सुबह जब उठे तो दुकान से थोड़ी दूर पर पत्नी सुभावती का शव मिला।
रामपाल के अनुसार, सुभावती के पेट में चाकू से वार तथा सिर पर डंडे प्रहार किया जाना प्रतीत हो रहा है। परिजनों ने गांव के दो लोगों पर जमीनी रंजिश में हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
दूसरी तरफ एसओ संतोष तिवारी का कहना है कि घटना स्थल पर शव की जो स्थिति थी वह हादसे की तरफ ही संकेत करती है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी।