- मेंहदावल कस्बे में ईद-मिलादुन्नबी पर लगाया गया था बैनर
- प्रिंटिंग प्रेस संचालक को हिरासत में लेकर भेजा जाएगा जेल
- घटना में संलिप्त लोगों को चिह्नित करने में जुटी पुलिस
- एलआईयू पर भी उठ रहे सवाल
संवाद न्यूज एजेंसी
मेंहदावल। कस्बे के हरदीहट्टा मोहल्ले में बरावफात के दिन बैनर पर दो पाकिस्तानी मौलाना की तस्वीर लगाने के मामले में पुलिस ने कमेटी को चिह्नित कर लिया है। पुलिस कमेटी में शामिल लोगों पर कार्रवाई की तैयारी में जुट गई है। वहीं बैनर छापने वाले प्रिंटिंग प्रेस पर भी पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। प्रिंटिंग प्रेस संचालक के खिलाफ पुलिस कार्रवाई करते हुए हिरासत में लेने की तैयारी में है।
हरदीहट्टा मोहल्ले में बरावफात के दिन मुस्लिम पक्ष की ओर से एक बैनर लगाया गया था। जिसमें दो पाकिस्तानी मौलनाओं की भी तस्वीर लगाई गई थी। मामला जब चर्चाओं में आया और पुलिस तक शिकायत पहुंची, तो प्रशासन ने बैनर को मौके से हटवा दिया। वहीं इस मामले को लेकर एसआई अनिल पांडेय की तहरीर पर केस भी पंजीकृत किया। तीन आरोपियों को हिरासत में लेते हुए जेल भेजा गया।
पुलिस हरदीहट्टा मोहल्ले के साथ ही अगल-बगल के मोहल्ले के उन लोगों को चिह्नित करने में जुटी है जो क्षेत्र में शांति व्यवस्था को भंग करने वाले कार्यों से जुड़े हैं। बैनर लगाने के मामले में एक कमेटी का नाम भी सामने आया है। इस कमेटी से जुड़े लोगों को भी पुलिस चिह्नित करने में जुटी है।
जांच अधिकारी संजय वर्मा का कहना है कि जल्द ही आरोपी प्रिंटिंग प्रेस के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए हिरासत में लेकर जेल भेजा जाएगा। बृहस्पतिवार को विवेचक संजय वर्मा ने 12 लोगों का बयान अंकित किया।
वहीं राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के पूर्व पदाधिकारी अजीत सिंह के नेतृत्व में कई लोगों ने पाकिस्तानी मौलाना के फोटो लगे बैनर के मामले में जांच अधिकारी के सामने बयान अंकित कराया।
वहीं एलआईयू की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। कस्बे में पाकिस्तानी मौलाना की तस्वीर लगी होर्डिंग लग गई लेकिन एलआईयू को खबर तक नहीं हुई। पुलिस प्रशासन का सूचना तंत्र इस मामले में फेल रहा। इस संबंध में थानाध्यक्ष रामकृपाल सिंह का कहना है कि बैनर पर पाकिस्तानी मौलाना के फोटो के मामले में जो लोग भी चिह्नित किए जा रहे हैं उनके विरुद्ध कानूनी करवाई की जाएगी। किसी भी आरोपी को बक्शा नहीं जाएगा। मामले में विवेचना चल रही है। घटना में अन्य संलिप्त लोगों को भी चिह्नित किया जा रहा है।