छात्रा को बचाने में डंपर पलटा, चालक समेत दो घायल
महुली क्षेत्र के लुतुही गांव के विशुनपुर मोड़ पर हुआ हादसा
धनघटा(संतकबीरनगर)। महुली थानाक्षेत्र के लुतुही गांव के विशुनपुर मोड़ के पास साइकिल सवार छात्रा को बचाने के चक्कर मे गिट्टी लदा डंपर अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे पलट गया। उसमें फंसे चालक व खलासी घायल हो गए।
महुली-नाथनगर मार्ग का निर्माण कार्य चल रहा है। इसके लिए सोमवार को गिट्टी को लालगंज क्षेत्र के प्लांट से लादकर डंपर महुली की तरफ आ रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जैसे ही विशुनपुर मोड़ के सामने पहुंचा था, उसी दौरान साइकिल सवार छात्रा ने सड़क पार करने का प्रयास किया। छात्रा को बचाने के चक्कर में डंपर चालक ने दाईं तरफ वाहन मोड़ा दिया। वाहन अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे पलट गया। छात्रा हड़बड़ाहट में साइकिल से गिर गई।